CG Accident: ट्रक और कार की खतरनाक टक्कर; 3 लोगों की दर्दनाक मौत, 2 गंभीर

CG Accident: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में ट्रक और कार की आमने-सामने की टक्कर में हुआ। घायलों का इलाज जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में जारी है।

राजनांदगांव। CG Accident: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में ट्रक और कार की आमने-सामने की टक्कर में हुआ। घायलों का इलाज जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में जारी है।

मृतकों की पहचान अमृत कौर (45), अमनदीप कौर (15) और गुर सिमरन कौर (11) के रूप में हुई है। वहीं, प्रदीप सिंह (57) और हरमन कौर (6) गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के दौरान कार में मौजूद 9 महीने का बच्चा सुरक्षित बच गया।

रॉन्ग साइड से आए ट्रक से हुई टक्कर

जानकारी के अनुसार, परिवार 13 अक्टूबर की सुबह राजनांदगांव से कार में सवार होकर जमशेदपुर जा रहा था। पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुदापी डाउन के पास रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने कार को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रक चालक फरार

दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद हाटगम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

दो घायलों का इलाज जारी

प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को गंभीर हालत में जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने ट्रक और कार को जब्त कर लिया है। फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *