CG Congress Protest: जमीन सीमांकन विवाद पर कांग्रेस का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान पुलिस ने छोड़ा वाटर कैनन

CG Congress Protest: बिलासपुर जिले के बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में जमीन सीमांकन को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। कलेक्ट्रेट के बाहर कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।

CG Congress Protest: बिलासपुर जिले के बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में जमीन सीमांकन को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। कलेक्ट्रेट के बाहर कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए तीन स्तर की बैरिकेडिंग की थी। कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेड पार कर आगे बढ़ने लगे, जिसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन चलाकर उन्हें पीछे हटाया।

विधायक के दबाव में कार्रवाई का आरोप

बेलतरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धनंजय सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि उनकी जमीन का सीमांकन राजनीतिक दबाव में किया गया। उनका कहना है कि खेत में धान की फसल खड़ी होने के बावजूद बिना उचित प्रक्रिया अपनाए कार्रवाई की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन भाजपा विधायक के दबाव में काम कर रहा है।

पूर्व जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रमोद नायक ने भी कहा कि नियमों के तहत कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन राजनीतिक दबाव में की गई कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

सोशल मीडिया पोस्ट के बाद बढ़ा विवाद

विवाद की शुरुआत 16 सितंबर को हुई थी, जब धनंजय सिंह ठाकुर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि तहसीलदार के मौखिक निर्देश पर उनकी जमीन का सीमांकन कराया गया। इसके बाद बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने उनके खिलाफ मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा। इसी के विरोध में कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट घेराव का ऐलान किया था।

भाजपा ने लगाए अवैध कब्जे के आरोप

भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष मोहित जायसवाल और जिला महामंत्री जनक देवांगन ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि संबंधित मामले में प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जे के मामले को राजनीतिक रंग देकर विधायक की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।

ध्वजा यात्रा पर हैं विधायक

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला 11 से 17 अक्टूबर तक ध्वजा यात्रा पर हैं। इस दौरान वे क्षेत्र की ग्राम पंचायतों का दौरा कर रहे हैं। उनकी अनुपस्थिति में हुए कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर जिले में राजनीतिक माहौल गर्म रहा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *