CG News: रायपुर में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण, धान खरीदी नीति, जल जीवन मिशन, डिजिटल क्रॉप सर्वे सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का गंभीरता और जवाबदेही के साथ निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि जरूरत पड़ने पर भौतिक सत्यापन कर वास्तविक समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की नियमित होगी मॉनिटरिंग
बैठक में बताया गया कि राज्य में अब तक करीब दो लाख शिकायतें सीएम हेल्पलाइन में दर्ज हो चुकी हैं। मुख्य सचिव ने विभागीय अधिकारियों को शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करने और निराकरण की गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए।
धान खरीदी और जल जीवन मिशन की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में आगामी धान खरीदी नीति और जल जीवन मिशन के लंबित कार्यों की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने और कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए। जल उपयोगिता से जुड़े विषयों पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
डिजिटल क्रॉप सर्वे और विकास योजनाओं पर चर्चा
मुख्य सचिव ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में प्लानिंग एरिया, टीएसपी एक्ट और अन्य प्रशासनिक प्रावधानों पर भी चर्चा हुई।
आधारभूत परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
पारस पोर्टल के एजेंडा बिंदुओं, अमृत 2.0, जल जीवन मिशन और अन्य आधारभूत परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने सभी कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होने देने के निर्देश दिए। बैठक में पेंशन और प्रशिक्षण से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई।
भर्ती प्रस्ताव समय पर भेजने के निर्देश
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से होने वाली भर्तियों के लिए आवश्यक प्रस्ताव समय पर भेजने के निर्देश दिए। साथ ही सेवा सेतु और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के दायरे में नई सेवाओं को शामिल करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।
नवा रायपुर के बॉटनिकल गार्डन के विकास पर जोर
बैठक में नवा रायपुर में प्रस्तावित बॉटनिकल गार्डन के विकास, आधुनिक सुविधाओं, हरित क्षेत्र प्रबंधन और पर्यटकों के लिए बेहतर व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने सुनियोजित विकास के साथ जंगल सफारी की सुविधाओं और प्रबंधन को भी और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।


