CG MBBS Admission: छत्तीसगढ़ में नीट यूजी काउंसिलिंग के तीसरे चरण यानी मॉप-अप राउंड की आवंटन सूची जारी कर दी गई है। इसके अनुसार प्रदेश के मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में कुल 431 सीटें खाली हैं। इनमें एमबीबीएस की 206 और बीडीएस की 225 सीटें शामिल हैं।
आवंटित सीटों पर प्रवेश लेने के लिए अभ्यर्थियों को 15 अक्टूबर तक दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। तय समय सीमा में प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर अभ्यर्थियों का प्रवेश का मौका समाप्त हो सकता है।
15 अक्टूबर शाम 5 बजे तक लेना होगा प्रवेश
तीसरे चरण में मिली सीटों के लिए प्रवेश प्रक्रिया 12 अक्टूबर सुबह 10 बजे से शुरू हो चुकी है। दस्तावेज सत्यापन के लिए 15 अक्टूबर शाम 4 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। वहीं कॉलेज में प्रवेश लेने की अंतिम समय सीमा शाम 5 बजे तक रखी गई है।
अभ्यर्थियों को निर्धारित केंद्रों पर स्वयं उपस्थित होकर दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा। अवकाश के दिनों में भी संबंधित केंद्र खुले रहेंगे और प्रवेश प्रक्रिया जारी रहेगी।
कॉलेजों में अलग-अलग होगी जांच प्रक्रिया
शासकीय मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में प्रवेश पाने वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन संबंधित कॉलेज में ही किया जाएगा।
वहीं निजी मेडिकल कॉलेजों के अभ्यर्थियों की दस्तावेज जांच नवा रायपुर के उपरवारा स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय के शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान भवन में होगी।
निजी डेंटल कॉलेजों में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर में किया जाएगा।
सीट छोड़ने पर जब्त हो सकती है राशि
सीट आवंटित होने के बाद प्रवेश नहीं लेने या प्रवेश लेने के बाद सीट छोड़ने पर अभ्यर्थी की जमा सिक्योरिटी राशि या पंजीयन राशि नियमों के अनुसार जब्त की जा सकती है। ऐसे अभ्यर्थी आगे की काउंसिलिंग प्रक्रिया से भी बाहर हो सकते हैं।
इसलिए अभ्यर्थियों को प्रवेश से जुड़े नियमों और निर्धारित समय सीमा का विशेष ध्यान रखना होगा।
वेबसाइट पर देख सकते हैं जानकारी
अभ्यर्थी काउंसिलिंग, दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की वेबसाइट cgdme.admissions.nic.in पर देख सकते हैं।


