CG Ganja Smuggling: खाली शराब बोतलों की आड़ में गांजा तस्करी, 3.41 करोड़ का माल जब्त

CG Ganja Smuggling: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी ट्रक से 6 क्विंटल 32 किलो 380 ग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को खाली शराब की बोतलों से भरी बोरियों के नीचे छिपाकर रखा था। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के बहराइच निवासी विनोद कुमार गुप्ता (42) को गिरफ्तार किया है।

CG Ganja Smuggling: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी ट्रक से 6 क्विंटल 32 किलो 380 ग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को खाली शराब की बोतलों से भरी बोरियों के नीचे छिपाकर रखा था। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के बहराइच निवासी विनोद कुमार गुप्ता (42) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा से गांजे की खेप लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर जांच के दौरान मिनी ट्रक को रोका गया। तलाशी लेने पर 20 बोरियों में टेप से लिपटे 597 पैकेट मिले, जिनमें गांजा भरा हुआ था।

मामले में पुलिस ने गांजा, तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक, दो मोबाइल और 3 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपए आंकी गई है। यह कार्रवाई तपकरा थाना क्षेत्र में की गई।

खाली बोतलों की बोरियों के नीचे छिपाया था गांजा

जानकारी के मुताबिक, 4 अक्टूबर की सुबह लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे मिनी ट्रक क्रमांक यूपी-47-एटी-9839 को संदेह के आधार पर रोका गया।

ट्रक में ऊपर खाली शराब की बोतलों से भरी बोरियां रखी हुई थीं। पुलिस ने जब बोरियों को हटाकर नीचे रखे सामान की जांच की तो टेप से लिपटे पैकेट मिले। पैकेट खोलने पर उनमें गांजा बरामद हुआ।

जांच में कुल 20 बोरियों से 597 पैकेट मिले, जिनका वजन 632 किलो 380 ग्राम पाया गया। चालक विनोद कुमार गुप्ता से दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहा था खेप

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजे की खेप ओडिशा से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से खरीदा गया और इसे उत्तर प्रदेश में किसे पहुंचाया जाना था।

पुलिस ने बरामद गांजे की कीमत करीब 3 करोड़ 16 लाख 19 हजार रुपए, मिनी ट्रक की कीमत करीब 25 लाख रुपए और मोबाइल व नकदी समेत कुल जब्ती करीब 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपए बताई है।

तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

इस मामले में तपकरा थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सरगुजा रेंज आईजी के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर बड़ी मात्रा में गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *