Korba Truck Accident: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार 3 युवकों को कुचला, तीनों की मौके पर मौत

Korba Truck Accident

Korba Truck Accident: कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने तीनों को कुचल दिया और अनियंत्रित होकर पलट गया।

जानकारी के अनुसार, हादसा नूनेरा गांव के पास हुआ, जहां तेज गति से आ रहा ट्रक सड़क किनारे जा रहे बाइक सवार युवकों को कुचलते हुए पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

मृतकों की पहचान बृजपाल सिंह कंवर (23), मंगल सिंह (25) और ओम प्रकाश के रूप में हुई है, जो पोटापानी गांव के निवासी थे। बताया जा रहा है कि तीनों दीपका स्थित एक निजी कंपनी में काम करते थे और सुबह ड्यूटी पर जा रहे थे।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वहीं ट्रक के नीचे दबे शवों को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया।

परिजनों और ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सड़क पर चक्काजाम कर दिया। हादसे के कारण सड़क पर कोयला बिखर गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और आरोपी ट्रक चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। सूचना मिलने पर पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

पुलिस ने शुरू की जाँच

पाली थाना पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *