CG News: कुष्ठ रोग उन्मूलन में दौवा राम चक्रधारी की महत्वपूर्ण भूमिका, 37 साल की सेवा के बाद स्वास्थ्य विभाग ने दी भावभीनी विदाई

CG News: गरियाबंद जिले के कोपरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 37 वर्षों से अधिक समय तक सेवाएं देने के बाद एनएमए दौवा राम चक्रधारी अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों ने उनका सम्मान कर भावभीनी विदाई दी। समारोह में विशेष रूप से कुष्ठ रोग उन्मूलन अभियान में उनके योगदान को याद किया गया।

CG News: गरियाबंद जिले के कोपरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 37 वर्षों से अधिक समय तक सेवाएं देने के बाद एनएमए दौवा राम चक्रधारी अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों ने उनका सम्मान कर भावभीनी विदाई दी। समारोह में विशेष रूप से कुष्ठ रोग उन्मूलन अभियान में उनके योगदान को याद किया गया।

कुष्ठ रोग उन्मूलन में निभाई अहम भूमिका

खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्नेहलता हुमने ने कहा कि दौवा राम चक्रधारी ने अपने पूरे सेवाकाल में जिम्मेदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य किया। उन्होंने कुष्ठ रोगियों की पहचान, समय पर उपचार, मरीजों को नियमित दवा दिलाने और समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी कार्यकुशलता और सरल व्यवहार हमेशा विभाग के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

लेप्रोसी डायग्नोसिस में थी विशेष पहचान

डॉ. हुमने ने बताया कि लेप्रोसी डायग्नोसिस में श्री चक्रधारी की विशेष दक्षता थी। उनके द्वारा चिन्हित मामलों की सटीकता पर विभाग को पूरा भरोसा रहता था। उन्होंने कहा कि फिंगेश्वर-राजिम क्षेत्र को कुष्ठ उन्मूलन अभियान में मिली पहचान में श्री चक्रधारी और उनकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

जन्मभूमि को ही बनाया कर्मभूमि

वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी एवं पूर्व बीएमओ डॉ. हिरोंदिया ने कहा कि हर किसी को यह सौभाग्य नहीं मिलता कि उसकी जन्मभूमि ही कर्मभूमि बने। श्री चक्रधारी ने 12 दिसंबर 1988 से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोपरा में अपनी सेवाएं शुरू कीं और 30 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त हुए। उनका सेवाभाव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा रहेगा।

सामाजिक कार्यों में भी निभाई सक्रिय भूमिका

नगर पंचायत अध्यक्ष रूप कुमार साहू ने कहा कि श्री चक्रधारी का परिवार स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी हमेशा सक्रिय रहा है। वरिष्ठ पत्रकार गोरेलाल सिन्हा ने भी उनके सेवाभाव और सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

सेवाकाल को याद कर हुए भावुक

विदाई समारोह में दौवा राम चक्रधारी अपने 37 वर्षों के सेवाकाल को याद करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा मरीजों को केवल रोगी नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं के साथ देखा। उन्होंने अपने वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों, परिवार और विशेष रूप से अपनी पत्नी सरोज चक्रधारी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

सेवाकाल में मिली कई उपलब्धियां

श्री चक्रधारी के कार्यकाल में कुष्ठ रोग उन्मूलन अभियान, मल्टी ड्रग थेरेपी के शुरुआती प्रयोग, विद्यालय स्वास्थ्य परीक्षण और बड़े सर्वे अभियान जैसी कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां दर्ज हुईं। एक विशेष सर्वे अभियान के दौरान एक ही दिन में 37 कुष्ठ रोगियों की पहचान उनके सेवाकाल की उल्लेखनीय उपलब्धियों में शामिल रही।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें स्मृति-चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की कामना की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *