Raipur Fraud: मर जाओगे कहकर महिला को डराया, तंत्र-मंत्र के नाम पर 15 तोला सोने के जेवर ठगे

Raipur Fraud: राजधानी रायपुर में तंत्र-मंत्र और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर एक महिला से करीब 150 ग्राम सोने के जेवर और 9 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। साधु के भेष में आए तीन आरोपियों ने महिला को अकाल मौत का डर दिखाकर महीनों तक अपने जाल में फंसाए रखा। मामला गंज थाना क्षेत्र के फाफाडीह स्थित जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स का है।

Raipur Fraud: राजधानी रायपुर में तंत्र-मंत्र और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर एक महिला से करीब 150 ग्राम सोने के जेवर और 9 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। साधु के भेष में आए तीन आरोपियों ने महिला को अकाल मौत का डर दिखाकर महीनों तक अपने जाल में फंसाए रखा। मामला गंज थाना क्षेत्र के फाफाडीह स्थित जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स का है।

जानकारी के मुताबिक, मार्च 2026 में तीन लोग साधु बनकर महिला नैना परमार के घर के आसपास पहुंचे। बातचीत के दौरान उन्होंने महिला की बीमारी और आंखों की परेशानी का जिक्र करते हुए तंत्र-मंत्र से इलाज और परिवार की समस्याएं दूर करने का दावा किया। इसके बाद पूजा कराने के नाम पर पहले 3 ग्राम की सोने की अंगूठी और 9 हजार रुपए ले गए।

हर कुछ दिनों में लेते रहे सोने के जेवर

महिला की शिकायत के अनुसार, करीब 10 से 12 दिन बाद आरोपी फिर आए और 5 ग्राम की सोने की चेन ले गए। इसके बाद मोबाइल के जरिए लगातार संपर्क में रहे और अलग-अलग पूजा का हवाला देकर हर कुछ दिनों में सोने के जेवर मांगते रहे। करीब सात बार में महिला ने अंगूठी, चेन, हार, चूड़ियां और कंगन सहित लगभग 150 ग्राम सोने के जेवर उन्हें सौंप दिए।

अकाल मौत का डर दिखाकर रखा चुप

आरोपियों ने महिला को धमकाया कि यदि उसने किसी को जेवर देने की जानकारी दी तो परिवार में अकाल मौत जैसी बड़ी अनहोनी हो जाएगी। इसी डर से महिला कई महीनों तक पति और परिजनों से पूरी बात छिपाती रही।

जेवर खत्म होने पर खुला राज

बताया गया कि 7 सितंबर के बाद आरोपी फिर सोने-चांदी के जेवर और नकदी की मांग करने लगे। जब महिला ने सामान नहीं होने की बात कही तो लगातार फोन कर दबाव बनाया गया। 25 सितंबर की रात महिला ने रोते हुए पूरी घटना अपने पति जसवंत परमार को बताई। इसके बाद गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *