World Tourism Day: विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर नवा रायपुर स्थित मेफेयर लेक व्यू रिसॉर्ट में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल और छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट छत्तीसगढ़ मार्केट प्लेस-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजार से जोड़ना, पर्यटन कारोबार को बढ़ावा देना और निवेश के नए अवसर तैयार करना रहा। इसमें छत्तीसगढ़ समेत विभिन्न राज्यों, पड़ोसी राज्यों और विदेशी टूर एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
पर्यटन को रोजगार और विकास से जोड़ने पर जोर
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि पर्यटन केवल घूमने-फिरने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार, संस्कृति और विरासत को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि बस्तर की जनजातीय संस्कृति, चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, सिरपुर, राजिम, भोरमदेव और बारनवापारा जैसे पर्यटन स्थलों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है।
देश-विदेश के निवेशकों से बढ़ेगा जुड़ाव
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यटन क्षेत्र में निवेश बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कार्यक्रम के दौरान पर्यटन कारोबारियों, टूर ऑपरेटर्स और निवेशकों के बीच बीटूबी बैठकें हुईं, जिनमें नए टूर पैकेज, व्यावसायिक साझेदारी और छत्तीसगढ़ में पर्यटन निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
400 से अधिक ट्रैवल एजेंसियां जुड़ीं
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने बताया कि दिल्ली, भुवनेश्वर, पुणे और चेन्नई सहित कई शहरों में रोड शो और पर्यटन आयोजनों के जरिए प्रदेश का प्रचार किया गया है। इसके परिणामस्वरूप 400 से अधिक ट्रैवल एजेंसियां छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल से जुड़ चुकी हैं और भविष्य में इस नेटवर्क का और विस्तार किया जाएगा।
डिजिटल तकनीक और एआई पर विशेष फोकस
पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे ने विश्व पर्यटन दिवस 2026 की थीम ‘डिजिटल एजेंडा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से पर्यटन का नया स्वरूप’ पर प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल तकनीक और एआई के माध्यम से पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार, पर्यटकों का अनुभव बेहतर बनाने और नए पर्यटन उत्पाद विकसित करने पर काम किया जा रहा है।
पर्यटन विकास की कई योजनाओं पर काम जारी
कार्यक्रम में बताया गया कि पर्यटन को उद्योग का दर्जा मिलने के बाद प्रदेश में होम-स्टे, डिजिटल रिजर्वेशन, मोबाइल ऐप, निवेशक सम्मेलन, शक्तिपीठ कॉरिडोर, सिरपुर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट प्लान और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार जैसी कई योजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान
विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटन क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पर्यटन हितधारकों को राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। विभिन्न श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ जिला, इको टूरिज्म साइट, होटल, टूर ऑपरेटर, स्टार्टअप, एडवेंचर टूर ऑपरेटर, होम-स्टे, इन्फ्लुएंसर और पर्यटन सूचना केंद्र को सम्मानित किया गया। सभी विजेताओं को 11 हजार रुपये का चेक, स्मृति चिन्ह और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पुरातात्विक स्थलों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया गया।


