CG Cabinet Meeting: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 30 सितंबर को राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा और निर्णय होने की संभावना है। इनमें प्रदेश में बस किराया बढ़ाने से जुड़ा प्रस्ताव भी शामिल बताया जा रहा है।
परिवहन विभाग ने बस किराया संशोधन को लेकर प्रस्ताव तैयार किया है, जिसे कैबिनेट के सामने रखा जा सकता है। हालांकि अंतिम फैसला मंत्रिपरिषद की बैठक में चर्चा के बाद ही लिया जाएगा।
लंबे समय से बस किराया बढ़ाने की मांग
प्रदेश में बस संचालक संगठन लंबे समय से किराया बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि डीजल की बढ़ती कीमतों के साथ बस संचालन का खर्च लगातार बढ़ा है। इसके अलावा बसों के मेंटेनेंस, स्पेयर पार्ट्स और अन्य परिचालन खर्च में भी काफी वृद्धि हुई है। इन्हीं कारणों का हवाला देते हुए संचालक मौजूदा किराए में संशोधन की मांग कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, परिवहन विभाग के प्रस्ताव में बसों की श्रेणी और यात्रा दूरी के आधार पर किराए में बदलाव का प्रावधान रखा जा सकता है। कैबिनेट की चर्चा के दौरान प्रस्ताव में कुछ संशोधन भी किए जा सकते हैं। 30 सितंबर को होने वाली बैठक में इस प्रस्ताव के अलावा अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

