CG News: अंबिकापुर में 19 वर्षीय कॉलेज छात्र का शव घुनघुट्टा डैम से बरामद किया गया है। छात्र ने डैम में छलांग लगा दी थी। घटना से पहले उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म ‘आशिकी-2’ से जुड़ी एक स्टोरी साझा की थी। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्टोरी और घटना के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है।
घटना दरिमा थाना क्षेत्र की है। मणिपुर थाना क्षेत्र के बिलासपुर चौक निवासी रीतिक साहू गुरुवार दोपहर अपनी स्कूटी से घुनघुट्टा डैम पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसने डैम में छलांग लगा दी। वहां मौजूद मछुआरों और कर्मचारियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
15 घंटे बाद मिला शव
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा होने के कारण गुरुवार शाम को रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं किया जा सका। शुक्रवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने तलाश अभियान चलाया और कई घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर करीब 1 बजे छात्र का शव डैम से बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
इंस्टाग्राम स्टोरी की भी जांच
पुलिस को पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि डैम जाने से पहले रीतिक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म ‘आशिकी-2’ से जुड़ी एक स्टोरी पोस्ट की थी। फिलहाल पुलिस इस पहलू सहित सभी परिस्थितियों की जांच कर रही है। अभी तक घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
रीतिक के पिता लक्ष्मण साहू की कुछ वर्ष पहले मैनपाट क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी मां दोनों बच्चों के साथ मायके में रहने लगीं और मेहनत कर परिवार का पालन-पोषण कर रही थीं।
परिजनों के अनुसार, रीतिक पढ़ाई में अच्छा था। उसने इसी वर्ष 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद कॉलेज में प्रवेश लिया था। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


