CG Chakubaji: अंबिकापुर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे की तेज आवाज को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घुटरापारा इलाके में कुछ युवकों ने एक महिला और उसके नाबालिग बेटे पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। नाबालिग की हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, खैरबार रोड स्थित घुटरापारा में गणेश प्रतिमा विसर्जन की शोभायात्रा निकाली जा रही थी। इस दौरान तेज आवाज में डीजे बज रहा था। मोहल्ले में रहने वाली मंजू गुप्ता और उनके 17 वर्षीय बेटे अंकित गुप्ता ने डीजे की आवाज कम करने की बात कही, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
मां-बेटे पर चाकू से हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कहासुनी के बाद चार से पांच युवकों ने मां-बेटे पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला के हाथ पर गंभीर चोट आई, जबकि नाबालिग बेटे को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
घटना के बाद दोनों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने नाबालिग की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती किया है। महिला का भी उपचार जारी है।
घायल महिला की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। महिला ने गुड्डू गुप्ता सहित अन्य युवकों पर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला जा रहा है।


