CG Double Murder: टीचर मां और बेटे का मर्डर, हिरासत में प्रेमी; स्कूल में छुट्टी

CG Double Murder: टीचर मां और बेटे का मर्डर, हिरासत में प्रेमी; स्कूल में छुट्टी

CG Double Murder: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले बेटे सुजल बरेठ की हत्या मामले में पुलिस जांच में प्रेम संबंध और पैसों के विवाद का एंगल सामने आया है। पुलिस ने मामले में एक संदेही युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह और आरोपी की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रजनी बरेठ का एक युवक के साथ प्रेम संबंध था और उसका उनके घर आना-जाना था। कुछ महीने पहले रजनी ने करीब 20 लाख रुपये का लोन लिया था। पुलिस को आशंका है कि इसी रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

पहले सड़क किनारे मिला बेटे का शव

शनिवार सुबह जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से लगी सड़क किनारे एक युवक का शव मिला था। उसके शरीर पर चोट के कई निशान थे, जिससे हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई गई।

पहचान नहीं होने पर शव को विश्रामपुर मॉर्च्युरी भेजा गया। बाद में उसकी पहचान कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल के 12वीं के छात्र सुजल बरेठ के रूप में हुई।

घर में मिला मां का शव

सुजल की पहचान होने के बाद पुलिस को उसकी स्कूटी घर से करीब 500 मीटर दूर एक पेट्रोल पंप पर लावारिस हालत में मिली। देर रात जब पुलिस उसके घर पहुंची तो मुख्य दरवाजे पर ताला लगा था और उसकी मां का भी कोई पता नहीं था।

पुलिस ने परिचितों की मौजूदगी में घर का ताला तोड़ा। तलाशी के दौरान बाथरूम में शिक्षिका रजनी बरेठ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।

स्कूल में छुट्टी घोषित

सुजल बरेठ कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं का छात्र था। उसकी मौत की खबर से स्कूल में शोक का माहौल है। श्रद्धांजलि स्वरूप स्कूल प्रबंधन ने एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

5 साल पहले हुआ था तलाक

रजनी बरेठ बेलटिकरी के शासकीय स्कूल में शिक्षिका थीं। करीब पांच वर्ष पहले उनका अपने पति से तलाक हो गया था। इसके बाद वह अपने बेटे के साथ बिश्रामपुर के केशवनगर स्थित किराए के मकान में रहती थीं। वह मूल रूप से जांजगीर जिले की निवासी थीं। पुलिस प्रेम संबंध, आर्थिक लेनदेन और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *