Navodaya Admission 2027: जवाहर नवोदय विद्यालयों में वर्ष 2027 के लिए कक्षा 9वीं और 11वीं में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक छात्र 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। दोनों कक्षाओं में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा 10 अप्रैल को आयोजित की जाएगी।
कक्षा 9वीं की प्रवेश परीक्षा संबंधित जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय में होगी। वहीं, कक्षा 11वीं में खाली सीटों के आधार पर छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा परिणाम मई या जून महीने में जारी होने की संभावना है।
9वीं में प्रवेश के लिए पात्रता
कक्षा 9वीं में आवेदन करने वाले छात्र का संबंधित जिले का निवासी होना जरूरी है। छात्र का वर्ष 2026-27 में उसी जिले के सरकारी या मान्यता प्राप्त स्कूल में कक्षा 8वीं में अध्ययनरत होना आवश्यक है।
आवेदक का जन्म 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच होना चाहिए। इसके अलावा छात्र का निवास स्थान और कक्षा 7वीं में पढ़ने वाले स्कूल का जिला एक ही होना जरूरी है। पिछले सत्र में कक्षा 7वीं पास कर चुके छात्र आवेदन के पात्र नहीं होंगे।
11वीं में प्रवेश के लिए पात्रता
कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए भारत का कोई भी नागरिक आवेदन कर सकता है। इसके लिए छात्र का वर्ष 2026-27 में किसी मान्यता प्राप्त स्कूल में कक्षा 10वीं में अध्ययनरत होना जरूरी है।
छात्र का जन्म 1 जून 2010 से 31 जुलाई 2012 के बीच होना चाहिए। चयन प्रक्रिया खाली सीटों और निर्धारित नियमों के आधार पर पूरी की जाएगी।
पढ़ाई, हॉस्टल और भोजन की सुविधा मुफ्त
जवाहर नवोदय विद्यालय केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबद्ध होते हैं। यहां विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ हॉस्टल, भोजन, यूनिफॉर्म और किताबों की सुविधा मुफ्त उपलब्ध कराई जाती है।
हालांकि, कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों से विद्यालय विकास निधि के रूप में 600 रुपए प्रति माह लिए जाते हैं।



