Gariyaband Murder: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में चरित्र शंका को लेकर पति द्वारा पत्नी की हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने बेल्ट से पीट-पीटकर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
चरित्र पर शक करता था पति
यह मामला शोभा थाना क्षेत्र के जरहीडीह गांव का है। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी राम कुमार का बीती रात अपनी पत्नी मोनिका (32) से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि पति पत्नी के चरित्र पर शक करता था।
विवाद बढ़ने के बाद आरोपी पति ने बेल्ट से पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसने मोनिका को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौत हो गई।
आरोपी पति हिरासत में
घटना की जानकारी मिलने के बाद शोभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी पति राम कुमार को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

