Assam Election: असम के नागांव लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान कांग्रेस नेताओं के काफिले पर पथराव की घटना सामने आई है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि चुनावी रैली में जाते समय पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई के काफिले को निशाना बनाया गया। घटना में कई वाहनों के शीशे टूट गए, जबकि एक नेता के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
कांग्रेस के मुताबिक, काफिले में भूपेश बघेल, गौरव गोगोई, कांग्रेस प्रत्याशी सिबामोनी बोरा, एआईसीसी सचिव मनोज चौहान समेत कई नेता मौजूद थे। पथराव के दौरान कई वाहनों को नुकसान पहुंचा।
सोशल मीडिया पर पोस्ट किया वीडियो
गौरव गोगोई ने सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि नागांव में चुनावी रैली के लिए जाते समय उनके काफिले पर पत्थर और बोतलें फेंकी गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि संभावित तनाव की जानकारी पहले ही पुलिस को दी गई थी, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई।
कांग्रेस का दावा है कि पथराव में कांग्रेस प्रत्याशी सिबामोनी बोरा की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हुई। वहीं एआईसीसी सचिव मनोज चौहान को पत्थर लगने से चोट आई।
गौरव गोगोई ने घटना को लेकर असम पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि पहले से सूचना देने के बावजूद हालात को बिगड़ने दिया गया। घटना के बाद इलाके में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई।
उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में राजनीतिक माहौल लगातार बिगड़ रहा है। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्ष की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
उपचुनाव प्रचार के लिए पहुंचे हैं भूपेश बघेल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल असम में नागांव लोकसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस के स्टार प्रचारक के रूप में पहुंचे हैं। कांग्रेस ने इस सीट से सिबामोनी बोरा को उम्मीदवार बनाया है। 6 अक्टूबर को मतदान और 9 अक्टूबर को मतगणना होनी है।

