CG News: जगदलपुर के भानपुरी थाना क्षेत्र में खेत में बिछाए गए करंट वाले तार की चपेट में आने से 12 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा ग्राम बनियागांव के जामकोनाड़ी पारा में सोमवार सुबह हुआ।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6 बजे 12 वर्षीय बच्ची खेत में फुटू निकालने गई थी। इसी दौरान वह खेत के चारों ओर लगाए गए करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गई। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
फसल बचाने के लिए लगाया था करंट
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक किसान ने फसल को जानवरों से बचाने के लिए खेत के चारों ओर झटका मशीन का तार लगाया था। आरोप है कि तार में सीधे बिजली लाइन से करंट प्रवाहित किया गया था, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही भानपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


