CG Weather Update: बिलासपुर के बाद कुसमी में बाढ़, अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट

CG Weather Update

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। बिलासपुर के बाद कुसमी में भी पिछले 24 घंटे के दौरान 28 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ।

tc

अगले 48 घंटे भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के उत्तर और मध्य हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज वर्षा हो सकती है। शनिवार को प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान पेंड्रा रोड में 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

CG Weather Update

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में रविवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

सिनोप्टिक सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल के पश्चिमी हिस्से और उससे लगे उत्तरी झारखंड के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। वहीं मानसून द्रोणिका अमृतसर, करनाल, हरदोई, रांची और दीघा होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। दक्षिण ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

इन जिलों में बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना जताई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *