Balod News: बैगा ने किसान से की मारपीट; लोहे की छड़ से पीटा, आंख-पैर-पेट-सीने में गंभीर चोटें

Balod News: बालोद जिले में झाड़-फूंक कराने पहुंचे एक किसान के साथ कथित रूप से बैगा द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर बालोद थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गाली-गलौज और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

tc

झाड़-फूंक कराने गया था किसान

पुलिस के अनुसार ग्राम बेलोदा निवासी बिशेसर निर्मलकर अपने भाई तुकाराम निर्मलकर के साथ घरेलू समस्या के समाधान और झाड़-फूंक कराने के लिए ग्राम आमाबाह स्थित बैगा जीवराखन लाल के घर पहुंचे थे। वहां बैगा ने उस दिन झाड़-फूंक नहीं करने की बात कही। इस पर बिशेसर ने दूर से आने का हवाला देते हुए अपनी समस्या सुनने और समाधान बताने का आग्रह किया।

लोहे की छड़ से पीटा

शिकायत के अनुसार इस बात पर बैगा नाराज हो गया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज की और भूत-प्रेत लाने का आरोप लगाते हुए हाथ में मौजूद लोहे की छड़ से बिशेसर पर हमला कर दिया। इस घटना में बिशेसर की बाईं आंख, बाएं पैर, पेट और सीने में चोटें आईं। उनके साथ मौजूद भाई तुकाराम निर्मलकर ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया।

पुलिस ने शुरू की जांच

पीड़ित ने बताया कि घटना रात में हुई थी और तत्काल आने-जाने का साधन नहीं मिलने के कारण उसी दिन शिकायत दर्ज नहीं करा सके। बाद में उन्होंने बालोद थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी बैगा जीवराखन लाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *