CG Accident: बालोद जिले के डौंडीलोहारा-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर परसुली के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो बच्चों की मौत हो गई। हादसे में बाइक चला रहे बच्चों के पिता गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है। घटना रविवार रात की है।
जानकारी के अनुसार, परसुली निवासी पवन सोनकर अपने 3 वर्षीय बेटे और 12 वर्षीय भतीजे के साथ बाइक से गणेश प्रतिमा देखने के लिए निकले थे। इसी दौरान डौंडीलोहारा की ओर से देवरी जा रही कार क्रमांक CG 08 AT 360 रॉन्ग साइड में आ गई और सामने से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर डायल 112 और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को पहले देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें राजनांदगांव रेफर किया गया।
इलाज के दौरान 3 वर्षीय बच्चे और उसके 12 वर्षीय चचेरे भाई की मौत हो गई। वहीं, पिता पवन सोनकर की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कार छोड़कर चालक फरार
हादसे के बाद कार चालक और उसके साथ मौजूद व्यक्ति मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



