CG Dhan Kharidi: छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 की धान खरीदी अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। धान खरीदी समाप्त होने में केवल तीन दिन शेष हैं और इस दौरान करीब 1.5 लाख किसान अपना धान बेचने की तैयारी में हैं। इन किसानों के लिए तीन दिनों में 70 हजार से अधिक टोकन जारी किए जाएंगे, जिससे धान खरीदी का नया रिकॉर्ड बनने की संभावना है।

अब तक राज्य में 23.48 लाख किसान अपना धान बेच चुके हैं। प्रतिदिन औसतन 22 हजार टोकन जारी किए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, धान बेच चुके किसानों को अब तक 29 हजार 597 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बाद 48 घंटे के भीतर सीधे किसानों के खातों में राशि ट्रांसफर की जा रही है।

आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले वर्षों में 2020-21 में 72.15 लाख मीट्रिक टन, 2021-22 में 68.77 लाख मीट्रिक टन और 2022-23 में 97.67 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई थी। वहीं, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 15 जनवरी तक 23 लाख 481 पंजीकृत किसानों से 1 करोड़ 24 लाख 86 हजार 723 मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी हो चुकी है। इन किसानों को कुल 28 हजार 164 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। पिछले वर्ष 1 करोड़ 44 लाख टन धान की खरीदी हुई थी, जिसे इस बार पार किए जाने की उम्मीद है।
