CG Lightning Strike: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। बलौदा क्षेत्र के महुदा गांव में शनिवार शाम बिजली गिरने से 3 ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। वहीं अकलतरा थाना क्षेत्र में भी बिजली गिरने से एक ग्रामीण की जान चली गई। इस तरह अलग-अलग घटनाओं में कुल 4 लोगों की मौत हुई है।
जानकारी के अनुसार महुदा गांव में ग्रामीण शाम के समय बाड़ी में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभी पास की एक झोपड़ी में चले गए, तभी आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में कई लोग इसकी चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद नरेश खेरवार (24), राम भरोस पटेल (32) और तुलसी राम पटेल (51) को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में अंजू पटेल (26), दुलारा बाई (46) और बैशाखू खेरवार (32) घायल हुए हैं। तीनों का अस्पताल में इलाज जारी है।
इधर, अकलतरा थाना क्षेत्र में स्थित CCI प्लांट के पास भी आकाशीय बिजली गिरने से दूज राम जाटवार (55) की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।




