CG Accident: 2 बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 2 युवकों की दर्दनाक मौत; 2 की हालत नाजुक

bike Accident

CG Accident: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में तेज बारिश के बीच दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम पुड़ु निवासी संजीव पैकरा (18) रविवार शाम अपने दोस्त अमन के साथ बाइक से किसी काम से निकला था। उस समय क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। गांव के बाहर पहुंचने पर उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी तेज रफ्तार बाइक से टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि संजीव पैकरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे अमन गंभीर रूप से घायल हो गए।

दूसरी बाइक चला रहे विशेष कुमार पैकरा (18) भी टक्कर के बाद सड़क से दूर जा गिरे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ बाइक पर सवार रमन सिंह पैकरा गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जबकि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *