Agrasen Jayanti Holiday: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंबिकापुर में आयोजित अग्र महाकुंभ 2026 में अग्रसेन जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। अग्रवाल समाज की मांग पर मुख्यमंत्री ने यह ऐलान करते हुए भगवान अग्रसेन की जीवनी को माध्यमिक स्तर के पाठ्यक्रम में शामिल करने के लिए प्रस्ताव रखने की बात भी कही।
अंबिकापुर में अग्रवाल समाज के प्रांतीय महाअधिवेशन एवं दशम अलंकरण समारोह के तहत दो दिवसीय अग्र महाकुंभ 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समाज के योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्रवाल समाज मेहनती, परोपकारी और सेवा भावना से जुड़ा समाज है। समाज के लोग अपनी मेहनत से आगे बढ़ने के साथ-साथ जरूरतमंदों की मदद में भी हमेशा आगे रहते हैं।
उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज की ओर से सार्वजनिक कन्या विवाह, सांझा चूल्हा, धर्मशाला निर्माण, स्वास्थ्य शिविर और नेत्र शिविर जैसे सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं। कोरोना महामारी के दौरान भी समाज ने आइसोलेशन सेंटर बनाने, दवाओं की व्यवस्था, इलाज और भोजन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
सीएम साय ने बताया कि पहले अग्रसेन जयंती पर ऐच्छिक अवकाश का प्रावधान था, लेकिन अब इसे सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाएगा। साथ ही भगवान अग्रसेन के जीवन और उनके आदर्शों को विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए माध्यमिक स्तर की पाठ्य पुस्तकों में शामिल करने का प्रस्ताव रखा जाएगा।
CG News: अग्र महाकुंभ सम्मेलन में शामिल हुए CM साय, कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल भी पहुंचे


