CG Weather Update: आज से बदलेगा मौसम, मानसून फिर होगा एक्टिव; कई जिलों में बारिश और वज्रपात के आसार

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में शनिवार से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो सकता है। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ गरज-चमक और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। बीते कुछ दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है।

 

मौसम विभाग के मुताबिक 19 सितंबर की शाम तक उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से अगले कुछ दिनों में छत्तीसगढ़ में नमी बढ़ेगी और बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है।

 

पिछले 24 घंटे में ऐसा रहा मौसम

 

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस सीजन में अब तक सामान्य से 6 प्रतिशत कम बारिश हुई है। शुक्रवार को प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रहा।

 

बारिश की बात करें तो पथरिया में 4 सेंटीमीटर, सूरजपुर और बम्हनीडीह में 3-3 सेंटीमीटर तथा उसूर, जनकपुर-भरतपुर, बागबहरा और करतला में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

 

रायपुर में छाए रहेंगे बादल

 

राजधानी रायपुर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिन में उमस बनी रह सकती है, जबकि शाम के समय बारिश होने के आसार हैं।

 

अगले दो दिन जारी रहेगा बारिश का दौर

 

मौसम विभाग ने 19 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात भी हो सकता है। अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *