CG Accident: बिलासपुर जिले के बिल्हा क्षेत्र में तेज रफ्तार माजदा वाहन की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब तीनों भाई अपनी रिश्तेदार की गर्भवती बेटी का हालचाल जानकर घर लौट रहे थे। घटना बिल्हा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम भटगांव निवासी बरातु दास मानिकपुरी अपने भाइयों प्रीतम दास और चंदू दास के साथ रिश्तेदार प्रदीप मानिकपुरी के घर गए थे। प्रदीप की बेटी गर्भवती है, जिसका हाल जानने के बाद तीनों भाई वापस लौट रहे थे।
घर लौटने से पहले तीनों ने सड़क किनारे अपनी बाइक खड़ी की और आपस में बातचीत करने लगे। इसी दौरान सेवार की ओर से आ रही तेज रफ्तार माजदा वाहन ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए तीनों भाइयों को टक्कर मार दी।
तेज रफ्तार में पहुंचा वाहन
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक माजदा वाहन के अगले पहिए में फंसकर कुछ दूर तक घिसटती चली गई। इसके बाद वाहन सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराकर रुक गया।
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को बिल्हा अस्पताल पहुंचाया।
2 भाइयों की मौत
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बरातु दास और प्रीतम दास को मृत घोषित कर दिया। दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं। वहीं तीसरे भाई चंदू दास के कंधे और चेहरे पर गंभीर चोट लगी है, जिनका इलाज जारी है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतक के बेटे रूपेन्द्र दास ने बिल्हा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने माजदा वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


