Raipur News: राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र स्थित बालाजी मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में MBBS तृतीय वर्ष के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान राजस्थान के अजमेर निवासी विनायक सैनी (21) के रूप में हुई है। शुक्रवार रात उसका शव हॉस्टल की तीसरी मंजिल पर रहने वाले उसके दोस्त के कमरे में मिला।![]()
दोस्त के कमरे में मिला छात्र का शव
पुलिस के अनुसार, विनायक सैनी शुक्रवार को घर से लौटने के बाद कॉलेज पहुंचा था। इसके बाद वह अपने दोस्त के कमरे में चला गया। कुछ देर बाद उसका दोस्त खाना खाने के लिए बाहर निकला। जब वह वापस लौटा तो विनायक बेड पर औंधे मुंह पड़ा मिला। इसके बाद अन्य छात्रों की मदद से उसे तत्काल बालाजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कमरे से नशीली दवा और इंजेक्शन बरामद
घटना की सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हॉस्टल के कमरे की जांच की। तलाशी के दौरान कमरे से नशीली दवा और इंजेक्शन बरामद किए गए। पुलिस को एनेस्थीसिया में उपयोग होने वाली फेंटानिल दवा भी मिलने की जानकारी मिली है। हालांकि, छात्र ने इस दवा का सेवन किया था या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस छात्र के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

