Bilaspur Airport: बिलासपुर से प्रयागराज होते हुए दिल्ली जा रही अलायंस एयर की फ्लाइट (9I 698) शुक्रवार को तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। उड़ान के दौरान मेरठ के पास विमान के एक इंजन में खराबी आने का पता चला। इसके बाद पायलट ने तुरंत दिल्ली एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क कर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। समय रहते विमान को सुरक्षित उतार लिया गया और सभी 40 यात्री व क्रू मेंबर सुरक्षित हैं।![]()
उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट शुक्रवार सुबह 10:45 बजे बिलासपुर से प्रयागराज के लिए रवाना हुई थी। सुबह 11:58 बजे प्रयागराज पहुंचने के बाद दोपहर 12:33 बजे विमान दिल्ली के लिए रवाना हुआ। मेरठ के पास पहुंचने पर पायलट को एक इंजन में तकनीकी खराबी का संकेत मिला, जिसके बाद तुरंत एटीसी को सूचना देकर आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी गई।
दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित
पायलट की सूचना मिलते ही इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई। रनवे पर दमकल, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को तैनात किया गया। दोपहर करीब 2:15 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई। पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
यात्रियों के अनुसार, लैंडिंग से करीब 30 मिनट पहले विमान में तकनीकी समस्या की जानकारी मिलने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। कुछ यात्रियों ने दावा किया कि विमान का बायां इंजन काम करना बंद कर गया था। हालांकि सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों ने राहत की सांस ली।
15 दिनों में दूसरी बड़ी घटना
अलायंस एयर की फ्लाइट से जुड़ा यह 15 दिनों के भीतर दूसरा गंभीर मामला है। इससे पहले 28 अगस्त को दिल्ली से बिलासपुर पहुंची फ्लाइट (9I 613) की लैंडिंग के दौरान बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट पर बायां टायर फट गया था। उस विमान में भी सभी यात्री सुरक्षित बच गए थे।
अलायंस एयर के स्टेशन मैनेजर प्रसन्न सोनी ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण विमान की आपात लैंडिंग कराई गई। किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। वहीं नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।


