CG Murder: बेटी से बात करने से रोका, तो मां को टांगिया से मारा  

CG Murder: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के आस्ता थाना क्षेत्र के ग्राम हर्री में हुई महिला की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक मृतिका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था और बातचीत बंद होने से नाराज था।

CG Murder: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के आस्ता थाना क्षेत्र के ग्राम हर्री में हुई महिला की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक मृतिका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था और बातचीत बंद होने से नाराज था।

जानकारी के अनुसार, मृतिका धनमनी बाई के पति ने 4 सितंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 3 सितंबर की सुबह करीब 11:30 बजे खाना खाने के बाद वह मवेशी चराने जंगल चले गए थे। उस समय उनकी पत्नी घर पर अकेली थी।

शाम करीब 6 बजे जब वह वापस लौटे तो घर के अंदर उनकी पत्नी जमीन पर पड़ी हुई मिली। उनके चेहरे के दाहिने हिस्से में गंभीर चोट थी और खून बह रहा था। आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। पास में ही टांगिया पड़ा हुआ था।

इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अवधेश राम नामक युवक कुछ दिन पहले मृतिका के घर आया था और उसका विवाद हुआ था। इसके बाद पुलिस ने उस पर संदेह जताते हुए उसकी तलाश शुरू की।

घर से गायब था आरोपी

पुलिस टीम जब आरोपी अवधेश राम के ग्राम कोमडो स्थित घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला। इसके बाद तकनीकी जांच के माध्यम से उसकी लोकेशन ट्रेस की गई।

पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी झारखंड के रायडीह में मौजूद है। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वहां पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया और जशपुर लेकर आई।

बेटी से एकतरफा प्यार करता था आरोपी

पूछताछ में आरोपी अवधेश राम ने बताया कि वह मृतिका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था। युवती द्वारा उससे बातचीत नहीं करने के कारण वह नाराज था।

आरोपी ने बताया कि इसी नाराजगी में वह मृतिका के घर पहुंचा था। उस समय महिला घर में अकेली थी। महिला ने उसे अपनी बेटी से बातचीत करने और परेशान करने से मना किया, जिससे आरोपी गुस्से में आ गया।

आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने घर में रखे टांगिया से महिला के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।

आरोपी भेजा गया जेल

आरोपी अवधेश राम उर्फ गुटका (30 वर्ष), निवासी ग्राम कोमडो, थाना सिटी कोतवाली जशपुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है और उसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *