CG Train Cancelled: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के यात्रियों के लिए नवंबर की शुरुआत में रेल यात्रा प्रभावित रहेगी। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के बागडिही स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग और बागडिही-झारसुगुड़ा के बीच चौथी रेल लाइन की कमीशनिंग का कार्य किया जाएगा। इसके चलते 1 और 2 नवंबर को प्री-नॉन इंटरलॉकिंग तथा 3 नवंबर को नॉन-इंटरलॉकिंग का काम होगा।![]()
रेलवे के इस कार्य का असर कई ट्रेनों के परिचालन पर पड़ेगा। छह ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि उत्कल एक्सप्रेस समेत कुछ ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा। ऐसे में नवंबर की शुरुआत में यात्रा करने वाले यात्रियों को ट्रेन का स्टेटस पहले ही जांच लेने की सलाह दी गई है।
1 से 3 नवंबर तक इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस रद्द
रेलवे के अनुसार नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस (18109/18110) का संचालन 1 से 3 नवंबर तक पूरी तरह रद्द रहेगा। इस अवधि में यात्रा करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी।
तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस भी नहीं चलेगी
2 नवंबर को तिरुपति से रवाना होने वाली तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस (17433) रद्द रहेगी। वहीं 5 नवंबर को रक्सौल से चलने वाली रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस (17434) का संचालन भी रद्द किया गया है।
उत्कल एक्सप्रेस बदले मार्ग से चलेगी
2 नवंबर को पुरी से चलने वाली उत्कल एक्सप्रेस (18477) अपने निर्धारित मार्ग की बजाय कटक-संबलपुर सिटी-झारसुगुड़ा रोड-ईब होते हुए योग नगरी ऋषिकेश जाएगी।
इसी तरह योग नगरी ऋषिकेश से पुरी जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस (18478) भी ईब-झारसुगुड़ा रोड-संबलपुर सिटी-कटक मार्ग से संचालित होगी।


