Teachers Day 2026: शिक्षक दिवस के अवसर पर लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में 63 उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिक्षकों को सम्मानित कर बधाई दी। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार के लिए चार शिक्षकों को राज्य शिक्षक सम्मान स्मृति पुरस्कार प्रदान किया गया। समारोह में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने वर्ष 2026-27 के लिए चयनित 64 राज्य शिक्षक सम्मान प्राप्त शिक्षकों के नामों की भी घोषणा की।![]()
CM साय बोले- अब एक भी स्कूल शिक्षकविहीन नहीं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि युक्तियुक्तकरण के बाद अब छत्तीसगढ़ में एक भी स्कूल शिक्षकविहीन नहीं है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत शिक्षा को संस्कार, कौशल और रोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के 341 स्कूलों का चयन पीएम श्री योजना के तहत किया गया है। साथ ही स्वामी विवेकानंद के नाम पर 150 नए विद्यालय शुरू किए जा रहे हैं। बस्तर के ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी भी विकसित की जा रही है।
राज्यपाल बोले- AI सहायक बने, नियंत्रक नहीं
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर में शिक्षकों और विद्यार्थियों को नई तकनीक से जुड़ना जरूरी है, लेकिन तकनीक का उपयोग जिम्मेदारी और मानवीय मूल्यों के साथ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि AI हमारा सहायक बने, नियंत्रक नहीं।
उन्होंने कहा कि तकनीक जानकारी दे सकती है, लेकिन संस्कार, अनुशासन, प्रेरणा और जीवन की सही दिशा केवल शिक्षक ही दे सकते हैं। इसलिए बदलते समय में शिक्षकों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
4 शिक्षकों को मिला स्मृति पुरस्कार
समारोह में चार शिक्षकों को राज्य शिक्षक सम्मान स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
- खैरागढ़ के राजेश कुमार प्रजापति – डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्मृति पुरस्कार
- कोरबा के कामता प्रसाद जायसवाल – डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र स्मृति पुरस्कार
- दुर्ग की प्रज्ञा सिंह – डॉ. मुकुटधर पांडेय स्मृति पुरस्कार
- सारंगढ़-बिलाईगढ़ की प्रियंका गोस्वामी – गजानन माधव मुक्तिबोध स्मृति पुरस्कार
64 शिक्षकों के नामों की भी हुई घोषणा
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने वर्ष 2026-27 के राज्य शिक्षक सम्मान के लिए चयनित 64 शिक्षकों के नामों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में AI आधारित स्मार्ट स्कूल विकसित किए जा रहे हैं और शिक्षा में नवाचार को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।



