Teachers Day 2026: आज टीचर्स डे पर 63 शिक्षकों को राज्य शिक्षक सम्मान, 4 शिक्षकों को स्मृति पुरस्कार

Teachers Day 2026

Teachers Day 2026: आज शिक्षक दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के 63 शिक्षकों को राज्य शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट कार्य करने वाले 4 शिक्षकों को स्मृति पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। राज्य शिक्षक सम्मान एवं स्मृति पुरस्कार समारोह का आयोजन रायपुर के लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में सुबह 11 बजे से शुरू हो गया है।

समारोह में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्कूल शिक्षा मंत्री की मौजूदगी में चयनित शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मान पाने वालों में प्राचार्य, प्रधान पाठक, व्याख्याता, सहायक शिक्षक सहित शिक्षा विभाग की विभिन्न श्रेणियों के शिक्षक शामिल हैं।

राज्यभर से 63 शिक्षकों का चयन

राज्य शिक्षक सम्मान के लिए रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, धमतरी, रायगढ़, सरगुजा, बस्तर, दंतेवाड़ा, जशपुर, कोरबा समेत प्रदेश के कई जिलों के शिक्षकों का चयन किया गया है। इन शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

4 शिक्षकों को मिलेगा स्मृति पुरस्कार

राज्य शिक्षक सम्मान के साथ इस वर्ष 4 शिक्षकों को स्मृति पुरस्कार भी दिया जाएगा। इस बार खैरागढ़ के राजेश, कोरबा के कामता, दुर्ग की प्रज्ञा और सारंगढ़ की प्रियंका का चयन स्मृति पुरस्कार के लिए किया गया है। इन शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा।

क्या है स्मृति पुरस्कार?

छत्तीसगढ़ सरकार हर वर्ष प्रदेश के चार महान साहित्यकारों और विद्वानों की स्मृति में स्मृति पुरस्कार प्रदान करती है। यह पुरस्कार डॉ. पदुमलाल पन्नालाल बख्शी, गजानन माधव मुक्तिबोध, डॉ. मुकुटधर पांडेय और बलदेव प्रसाद मिश्र की स्मृति में दिए जाते हैं।

सम्मानित शिक्षकों को मिलेगा पुरस्कार

स्मृति पुरस्कार के तहत चयनित प्रत्येक शिक्षक को 50 हजार रुपये की सम्मान राशि, प्रशस्ति पत्र और सम्मान चिन्ह प्रदान किया जाएगा। वहीं राज्य शिक्षक सम्मान प्राप्त करने वाले सभी शिक्षकों को भी सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *