CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। युवक पूजा करने के लिए मंदिर जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर गिरे LT बिजली तार की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।![]()
सड़क पर गिरा था बिजली तार
जानकारी के मुताबिक, रतनपुर के आठाबिसा तालाब के पास एलटी बिजली तार टूटकर CD रोड पर गिरा हुआ था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग को इसकी जानकारी होने के बावजूद समय पर तार नहीं हटाया गया। शुक्रवार रात ईश्वर अनंत उर्फ राजू वहां से गुजर रहा था, तभी वह करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गया।
मौके पर दर्दनाक मौत
करंट लगते ही युवक गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले भी इसी स्थान पर भेड़ीमुड़ा क्षेत्र के एक युवक की करंट लगने से मौत हुई थी।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

