CG Diesel Theft: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा बाईपास में डीजल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ एक ट्रेलर चालक ने हिम्मत दिखाते हुए चोरों की स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। घटना गुरुवार तड़के की है। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।![]()
जानकारी के अनुसार, तड़के स्कॉर्पियो में सवार 6 से 7 लोग सड़क किनारे खड़े ट्रेलरों से डीजल चोरी कर रहे थे। इसी दौरान एक ट्रेलर चालक की नजर उन पर पड़ गई। आरोपियों ने चालक को धमकाने की कोशिश की, लेकिन उसने ट्रेलर स्टार्ट कर भाग रही स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद आरोपी फरार
टक्कर लगने के बाद आरोपी स्कॉर्पियो छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। वाहन से डीजल से भरे कंटेनर भी बरामद किए गए हैं।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच
पुलिस अब पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। कटघोरा थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि वाहन जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

