Raipur News: रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर के स्पा सेंटरों में नियमों के पालन और गतिविधियों की जांच के लिए शनिवार को विशेष अभियान चलाया। शहर के अलग-अलग इलाकों में एक साथ 30 स्पा सेंटरों की जांच की गई। कार्रवाई के लिए 15 टीमें गठित की गई थीं, जिनमें 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
ग्राहकों के रिकॉर्ड और CCTV की जांच
पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों में ग्राहकों के आने-जाने के रिकॉर्ड, रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की जांच की। सेंटरों में लगे CCTV कैमरों की कार्यप्रणाली और रिकॉर्डिंग भी जांची गई। इसके अलावा कर्मचारियों के पुलिस सत्यापन, आयु प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी रिकॉर्ड का भी निरीक्षण किया गया।
संचालन से जुड़े दस्तावेज भी खंगाले
पुलिस ने स्पा सेंटरों के लीज एग्रीमेंट, किरायानामा, स्वामित्व संबंधी दस्तावेज और संचालन के लिए आवश्यक अनुमति पत्रों की भी जांच की। कार्रवाई केवल सेंटर के भीतर की गतिविधियों तक सीमित नहीं रही, बल्कि संचालन से जुड़े सभी दस्तावेजों का भी सत्यापन किया गया।
2 स्पा सेंटरों में मिली आपत्तिजनक सामग्री
जांच के दौरान डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित एलिना स्पा सेंटर और पंडरी थाना क्षेत्र के अंबुजा मॉल स्थित ला थाई स्पा सेंटर में आपत्तिजनक सामग्री मिलने की जानकारी सामने आई। इसके बाद दोनों सेंटरों के मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
तीनों जोन में चला अभियान
यह अभियान पुलिस कमिश्नरेट के तीनों जोन में एक साथ चलाया गया। कार्रवाई की निगरानी डीसीपी वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया, डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप ने की। वहीं जांच टीमों का नेतृत्व एसीपी स्नेहिल साहू, नंदिनी ठाकुर और पूर्णिमा लामा ने किया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्पा सेंटरों की जांच आगे भी जारी रहेगी। यदि किसी सेंटर में नियमों का उल्लंघन या संदिग्ध गतिविधियां पाई जाती हैं तो संचालक, मैनेजर और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

