Kawardha GST raid: कवर्धा के रेस्टोरेंट में GST का छापा, दस्तावेज खंगाल रही टीम…

Kawardha new Kalpana restaurant GST raid: छत्तीसगढ़ के कवर्धा में बस स्टैंड स्थित न्यू कल्पना रेस्टोरेंट में जीएसटी (GST) विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई की। बिलिंग में अनियमितताओं की शिकायत के बाद कवर्धा लोकल जीएसटी टीम ने यह कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि छापा पड़ते ही रेस्टोरेंट में हड़कंप मच गया।

 

जीएसटी विभाग की 6 सदस्यीय टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्टोरेंट के वित्तीय दस्तावेजों और बिलिंग से जुड़े रिकॉर्ड्स की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने रेस्टोरेंट के कंप्यूटर, रजिस्टर और अन्य कागजातों को खंगालना शुरू कर दिया है। फिलहाल विभाग ने इस छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक, बिलिंग प्रक्रिया में गड़बड़ी और टैक्स चोरी की आशंका जताई जा रही है।

 

GST नियमों में बदलाव के बाद बढ़ी सख्ती

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ वाणिज्यिक कर (GST) विभाग ने हाल ही में राज्य में ई-वे बिल से जुड़ी छूट को खत्म कर दिया है। अब राज्य में 50,000 रुपये से अधिक के सामानों के परिवहन पर ई-वे बिल जनरेट करना अनिवार्य कर दिया गया है। सरकार ने इस संबंध में 24 मई को अधिसूचना जारी की थी।

 

इससे पहले एक ही जिले के भीतर माल परिवहन पर ई-वे बिल की आवश्यकता नहीं थी, लेकिन नए नियमों के लागू होने के बाद अब 50,000 रुपये से अधिक के सामानों पर सख्ती से ई-वे बिल लागू किया जाएगा। हालांकि 15 विशेष प्रकार के सामानों को इस नियम से छूट दी गई है।

 

व्यापारियों में बढ़ी चिंता

नए नियमों के लागू होने के बाद राज्य के व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि इस सख्ती से छोटे और मझोले व्यापारियों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ सकता है। वहीं, जीएसटी विभाग का मानना है कि इस कदम से टैक्स चोरी पर लगाम लगेगी और व्यापार में पारदर्शिता बढ़ेगी।

 

जांच जारी

फिलहाल न्यू कल्पना रेस्टोरेंट में दस्तावेजों की जांच जारी है। जीएसटी अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही तय होगा कि रेस्टोरेंट पर क्या कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *