Giraudpuri Mela: छत्तीसगढ़ के पावन गिरौदपुरी धाम में आज से तीन दिवसीय गुरुदर्शन मेला का भव्य आगाज हुआ। पहले दिन प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरु गद्दी के दर्शन और पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर मेला समिति की मांग पर बड़ी घोषणा करते हुए गिरौदपुरी मेले की राशि 25 लाख से बढ़ाकर 50 लाख करने की घोषणा की। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार से मंदिर तक स्थायी शेड निर्माण की भी स्वीकृति दी।
दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को स्वयं अपने हाथों से प्रसाद वितरित किया। इस दौरान धर्मगुरु गुरुबालदास साहेब, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरी शंकर अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री दयाल दास बघेल, पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा, कलेक्टर दीपक सोनी, एसएसपी विजय अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में संत और श्रद्धालुगण उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि तीन दिवसीय गिरौदपुरी मेला 4 मार्च से 6 मार्च तक आयोजित हो रहा है। हर साल आयोजित होने वाला यह मेला महान संत गुरु घासीदास जी के सत्य, अहिंसा और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन रहा है।
