CG News: सरगुजा जिले के उदयपुर ब्लॉक स्थित खमरिया बालिका छात्रावास की छात्राओं ने सुरक्षा गार्ड पर निजी काम करवाने और धमकाने का आरोप लगाया है। शिकायत सामने आने के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।![]()
छात्राओं ने बताई परेशानी
जानकारी के अनुसार, जिला पंचायत सदस्य राधा रवि अचानक छात्रावास पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं से भोजन, पढ़ाई और रहने की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। इस दौरान कुछ छात्राओं ने आरोप लगाया कि सुरक्षा गार्ड उनसे अपनी वर्दी धुलवाती है और रात में मालिश भी कराती है।
काम नहीं करने पर धमकी देती है
छात्राओं का आरोप है कि निजी काम करने से मना करने पर उन्हें दूसरे कमरे में बंद करने और छात्रावास से बाहर निकलवाने की धमकी दी जाती है। छात्राओं ने अपनी शिकायत अधिकारियों के सामने रखी।
अधिकारियों ने दिए जांच के निर्देश
जिला पंचायत सदस्य ने मामले की शिकायत जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारियों से की। शिकायत के बाद संबंधित अधिकारियों ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गार्ड को हटाने की प्रक्रिया शुरू
मंडल संयोजक ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक स्तर पर संबंधित गार्ड को छात्रावास से हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। साथ ही अन्य छात्रावासों का भी निरीक्षण किया जाएगा, ताकि ऐसी शिकायतों की जांच की जा सके।
