CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। मानसून द्रोणिका अपनी सामान्य स्थिति में लौट आई है और बंगाल की खाड़ी में नया मौसमी तंत्र बना है। इसके प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।![]()
नए मौसमी तंत्र का असर
मौसम विभाग के अनुसार नया मौसमी तंत्र मजबूत होकर निम्न दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। इसके बाद इसके उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है। यह तंत्र उत्तर ओडिशा, झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर आगे बढ़ेगा। इसके प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश का मुख्य क्षेत्र बनने की संभावना है।
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और भारी बारिश हो सकती है। रायगढ़ और आसपास के जशपुर, सक्ती, कोरबा और सारंगढ़ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ सकती हैं।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण लोगों को उमस और चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
तेज हवाओं का अलर्ट
बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम और मुंगेली में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। रायपुर में भी 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
तापमान की स्थिति
रायपुर में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दुर्ग प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं पेंड्रा में सबसे कम 22 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।



