CG LPG Cylinder: छत्तीसगढ़ में पहली बार 10 किलो वाला सिलेंडर, 15 अगस्त से शुरुआत; जानें कीमत

CG LPG Cylinder: छत्तीसगढ़ में पहली बार उपभोक्ताओं को 10 किलो क्षमता वाला हल्का और पारदर्शी एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। इसकी शुरुआत 15 अगस्त से रायपुर में होगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से राज्य के अन्य जिलों में भी यह सुविधा शुरू की जाएगी। खास बात यह है कि सिलेंडर की बुकिंग मोबाइल एप के जरिए की जा सकेगी और बुकिंग के करीब 4 घंटे के भीतर इसकी होम डिलीवरी की जाएगी।

CG LPG Cylinder: छत्तीसगढ़ में पहली बार उपभोक्ताओं को 10 किलो क्षमता वाला हल्का और पारदर्शी एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। इसकी शुरुआत 15 अगस्त से रायपुर में होगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से राज्य के अन्य जिलों में भी यह सुविधा शुरू की जाएगी। खास बात यह है कि सिलेंडर की बुकिंग मोबाइल एप के जरिए की जा सकेगी और बुकिंग के करीब 4 घंटे के भीतर इसकी होम डिलीवरी की जाएगी।

ऑनलाइन बुकिंग और तेज डिलीवरी

उपभोक्ता पेट्रोलियम कंपनियों के आधिकारिक मोबाइल एप के माध्यम से नया कनेक्शन और सिलेंडर बुक कर सकेंगे। इसके अलावा नजदीकी गैस एजेंसी से भी कनेक्शन लिया जा सकता है। कंपनी का दावा है कि बुकिंग के लगभग चार घंटे के भीतर सिलेंडर घर पहुंचा दिया जाएगा।

नई कनेक्शन प्रक्रिया और कीमत

नया कनेक्शन लेने के लिए उपभोक्ताओं को करीब 3,000 रुपये जमा करने होंगे। इसके अलावा रेगुलेटर के लिए लगभग 250 रुपये अलग से देने होंगे। सिलेंडर के लिए जमा की गई राशि रिफंडेबल होगी। यानी कनेक्शन बंद कराने पर यह राशि वापस कर दी जाएगी। रायपुर में 10 किलो सिलेंडर की एक रिफिल की कीमत लगभग 715 से 730 रुपये के बीच रहेगी।

हल्का, पारदर्शी और सुरक्षित सिलेंडर

यह सिलेंडर पारंपरिक लोहे के सिलेंडर की तुलना में काफी हल्का होगा, जिससे इसे आसानी से उठाया और कहीं भी ले जाया जा सकेगा। फाइबर ग्लास और पॉलीमर से बने इस सिलेंडर में जंग नहीं लगती और दुर्घटना का जोखिम भी कम रहता है। इसकी पारदर्शी बॉडी के कारण बिना किसी मीटर के बाहर से ही देखा जा सकेगा कि सिलेंडर में कितनी गैस शेष है।

कौन ले सकेगा यह सिलेंडर

यह सुविधा केवल नए उपभोक्ताओं तक सीमित नहीं रहेगी। जिन लोगों के पास पहले से घरेलू एलपीजी कनेक्शन है, वे भी निर्धारित अमानत राशि जमा कर यह 10 किलो वाला सिलेंडर ले सकेंगे। कनेक्शन के लिए आधार कार्ड, आवेदन फॉर्म और शपथ पत्र देना होगा।

यात्रा और आपातकाल में होगा उपयोगी

छोटे परिवारों, अकेले रहने वाले लोगों, किराएदारों, पिकनिक या यात्रा पर जाने वालों के लिए यह सिलेंडर काफी उपयोगी माना जा रहा है। कम वजन और आसान उपलब्धता के कारण आपातकालीन परिस्थितियों में भी इसका इस्तेमाल सुविधाजनक रहेगा।

15 अगस्त से होगी शुरुआत

BPCL डिस्ट्रीब्यूटर संघ के प्रदेशाध्यक्ष मुरारी गौर के अनुसार, 15 अगस्त से बीपीसीएल की सभी एजेंसियों में 10 किलो वाला सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। उपभोक्ताओं को केवल एक बार कनेक्शन के लिए सुरक्षा राशि जमा करनी होगी। इसके बाद हर बार केवल रिफिल का शुल्क देना होगा और बुकिंग के चार घंटे के भीतर सिलेंडर की होम डिलीवरी की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *