Raipur Fraud: राजधानी रायपुर पुलिस ने 1.13 करोड़ रुपये की निवेश धोखाधड़ी का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ी दो महिला आरोपियों को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक कारोबारी को 45 करोड़ रुपये का निवेश दिलाने का झांसा देकर विदेशी तकनीक और नकली केमिकल के जरिए काले नोटों को असली नोटों में बदलने का दावा किया और अलग-अलग बहानों से 1.13 करोड़ रुपये ठग लिए।![]()
पुलिस के अनुसार, बालोद जिले के ग्राम बोरिदकला निवासी और सालिक ग्रीन रिन्यूएबल एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर उमेश कुमार सिन्हा ने थाना तेलीबांधा में शिकायत दर्ज कराई थी। कंपनी के विस्तार और नए प्लांट के लिए करीब 45 करोड़ रुपये के निवेश की आवश्यकता थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने खुद को प्रभावशाली व्यक्तियों और विदेशी निवेशकों से जुड़ा बताकर निवेश दिलाने का भरोसा दिया।
आरोपियों ने फाइल प्रोसेसिंग, सुरक्षा मंजूरी, विदेशी परीक्षण, हाई पावर केमिकल और वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति जैसी फर्जी प्रक्रियाओं का हवाला देकर शिकायतकर्ता का विश्वास जीता। उन्हें चेन्नई और नागपुर बुलाकर नकली केमिकल और विशेष रासायनिक प्रक्रिया के जरिए काले नोटों को असली नोटों में बदलने का प्रदर्शन भी किया गया। इसके बाद विदेशी केमिकल, टेस्टिंग और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर अलग-अलग किश्तों में कुल 1.13 करोड़ रुपये वसूल लिए गए।
शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच के दौरान मोबाइल नंबर, बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन का विश्लेषण कर दो महिला आरोपियों की पहचान की और उन्हें नागपुर से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कनिज फातमा उर्फ भावना पांडेय (24) निवासी कोलकाता और दीपिका पालीवाल (24) निवासी उदयपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन, 26 हजार रुपये नकद, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड सहित करीब 70 हजार रुपये का सामान जब्त किया है।
देशभर में फैला है गिरोह
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह महाराष्ट्र के नागपुर, उत्तर प्रदेश के लखनऊ समेत कई राज्यों में निवेश और फंड रिलीज कराने के नाम पर लोगों से ठगी कर चुका है। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले करीब 15 वर्षों से इस तरह की वारदातों को अंजाम देते आ रहे हैं। अन्य राज्यों की पुलिस से भी इनके खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।
क्या है ‘वॉश एंड वॉश’ ब्लैक मनी स्कैम
पुलिस के अनुसार इस ठगी में आरोपी दावा करते हैं कि विशेष विदेशी केमिकल और तकनीक की मदद से काले रंग से ढके नोटों को असली भारतीय मुद्रा में बदला जा सकता है। पहले से तैयार असली नोटों की मदद से नकली रासायनिक प्रक्रिया का प्रदर्शन कर पीड़ित का भरोसा जीता जाता है। इसके बाद विदेशी केमिकल, टेस्टिंग, सरकारी मंजूरी और फंड रिलीज के नाम पर लगातार पैसे वसूले जाते हैं। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।





