CG Sports: खेल मंत्री की बड़ी घोषणा, छत्तीसगढ़ में होगी हॉकी लीग

CG Sports: खेल मंत्री की बड़ी घोषणा, छत्तीसगढ़ में होगी हॉकी लीग

CG Sports: कॉमनवेल्थ गेम्स में छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव के शानदार प्रदर्शन के बाद खेल मंत्री अरुण साव ने प्रदेश में खेलों के विकास को लेकर कई बड़ी घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि राज्य को तीरंदाजी के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रदेश में जल्द ही हॉकी लीग का आयोजन भी किया जाएगा।

 

खेल मंत्री ने खेल सचिव यशवंत कुमार की मौजूदगी में बताया कि नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-3 में 67 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल आर्चरी एकेडमी स्थापित की जा रही है। इसके लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग को 13.47 एकड़ भूमि निःशुल्क आवंटित की गई है। अकादमी के निर्माण के लिए एनटीपीसी, एनआरएएनवीपी और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के बीच त्रिपक्षीय समझौता किया गया है।

उन्होंने बताया कि जशपुर जिले में लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से आर्चरी अकादमी का निर्माण कार्य भी जारी है। वहीं नवा रायपुर के सेक्टर-28 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दो चरणों में मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जा रहा है। पहले चरण के लिए 114.05 करोड़ रुपये और दूसरे चरण के लिए 94.69 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

जशपुर के कुनकुरी में 64 करोड़ रुपये और रायगढ़ में 92 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की स्वीकृति भी दी गई है। इन परियोजनाओं की प्रक्रिया जारी है।

CG Sports: खेल मंत्री की बड़ी घोषणा, छत्तीसगढ़ में होगी हॉकी लीग

बस्तर और सरगुजा ओलंपिक से मिली नई प्रतिभाएं

अरुण साव ने बताया कि बस्तर ओलंपिक के दो सफल संस्करण आयोजित किए जा चुके हैं। वर्ष 2024 में 1.65 लाख और वर्ष 2025 में 3.91 लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। इन प्रतियोगिताओं से 31 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को यूथ आइकन के रूप में चयनित किया गया।

उन्होंने बताया कि सरगुजा ओलंपिक के पहले संस्करण में वर्ष 2026 के दौरान 3.49 लाख पंजीयन हुए। 12 खेल विधाओं में आयोजित प्रतियोगिताओं से 14 खिलाड़ियों को यूथ आइकन के रूप में चुना गया।

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में शानदार प्रदर्शन

खेल मंत्री ने बताया कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 की मेजबानी छत्तीसगढ़ को मिली थी। रायपुर, बस्तर और सरगुजा में आयोजित प्रतियोगिताओं में लगभग 3000 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ ने 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 19 पदक अपने नाम किए।

पदक विजेताओं को मिलेगा नकद पुरस्कार

राज्य सरकार ने पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए स्वर्ण पदक पर 2 लाख रुपये, रजत पदक पर 1.5 लाख रुपये और कांस्य पदक पर 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़

खेल मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस मिशन के तहत एथलीट मैनेजमेंट सिस्टम, स्पोर्ट्स साइंस सेंटर, फीडर सेंटर, एथलीट वेलफेयर और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण जैसी योजनाओं पर कार्य किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2024 में 2019-20 से 2022-23 तक लंबित राज्य खेल अलंकरण समारोह आयोजित कर 1143 खिलाड़ियों को खेल पुरस्कार, नकद प्रोत्साहन राशि और खेलवृत्ति का लाभ दिया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *