CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बालको थाना क्षेत्र के सतनाम नगर में खेलते समय 10 वर्षीय मासूम बच्ची के गले में गमछा फंस गया, जिससे उसका दम घुट गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, 10 वर्षीय रोमा राज मूल रूप से गढ़ उपरोड़ा की रहने वाली थी। वर्तमान में उसका परिवार बालको के सतनाम नगर में रहता है। रोमा कक्षा तीसरी की छात्रा थी और घटना के समय अपने छोटे भाई के साथ घर में खेल रही थी।
गमछे में गला फंसने से मासूम की मौत
परिजनों ने बताया कि खेलते समय रोमा ने गमछे को ऊपर बांधकर उसमें सिर डालने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि वह पहले भी छोटे भाई को हंसाने के लिए ऐसा करती थी। इस बार गमछा अचानक उसके गले में कस गया, जिससे उसका दम घुटने लगा।
जब तक परिजनों को घटना की जानकारी मिली और वे उसे बचाने पहुंचे, तब तक बच्ची की हालत गंभीर हो चुकी थी। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
