Korba Bus Accident: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सेनानी पेट्रोल पंप के पास बिलासपुर से कोरबा आ रही यात्रियों से भरी यादव बस और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।![]()
जानकारी के अनुसार, बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। हादसे में आधा दर्जन से अधिक यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं बोलेरो में चार लोग सवार थे, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके अलावा दोनों वाहनों में सवार कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घायलों को वाहनों से बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रकों के कारण बस और बोलेरो को पर्याप्त जगह नहीं मिल सकी, जिससे आमने-सामने की टक्कर हो गई। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और प्रशासन की टीम क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराने में जुटी रही। मामले की जांच जारी है।


