CG Tower Video: सूरजपुर जिले के चांदनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवती थाना परिसर में लगे रेडियो टावर पर चढ़ गई। युवती अपने प्रेमी का मोबाइल बंद मिलने से नाराज थी और पुलिस से उसे थाने बुलाकर शादी कराने की मांग कर रही थी। करीब 4 से 5 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।![]()
बयान दर्ज कराने पहुंची थी थाने
पुलिस के अनुसार युवती ने पहले अपने प्रेमी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसी मामले में बयान दर्ज कराने के लिए उसे शुक्रवार को थाने बुलाया गया था। बयान की प्रक्रिया के दौरान वह अचानक थाना परिसर में लगे रेडियो टावर पर चढ़ गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
शादी की मांग पर अड़ी रही
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती लगातार अपने प्रेमी को थाने बुलाने और दोनों की शादी कराने की मांग करती रही। घटना के दौरान उसके परिजन, गांव के सरपंच, उपसरपंच और अन्य ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे। सभी ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही।
पुलिस ने सुरक्षित नीचे उतारा
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने रेडियो टावर पर चढ़कर युवती तक पहुंच बनाई। काफी देर तक समझाइश देने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद पुलिस ने युवती और उसके परिजनों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। पुलिस का कहना है कि युवती की शिकायत पर जांच की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

