CG Malaria Cases: छत्तीसगढ़ में कांकेर के बाद अब कबीरधाम जिले में भी मलेरिया के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। बोड़ला विकासखंड के मुड़वाही गांव में पिछले 15 दिनों से मलेरिया के मामलों में बढ़ोतरी के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है। गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर जांच और उपचार का काम लगातार जारी है।![]()
35 लोगों में मलेरिया की पुष्टि
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक 1,270 से अधिक ग्रामीणों की जांच की जा चुकी है। जांच में 35 लोगों में मलेरिया की पुष्टि हुई है, जिनमें 6 बच्चे भी शामिल हैं। संक्रमित मरीजों में से 20 का इलाज झलमला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
3 लोगों की मौत
ग्रामीणों का कहना है कि हाल ही में गांव में अलग-अलग बीमारियों से तीन लोगों की मौत हुई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने इन मौतों का कारण मलेरिया होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम निगरानी में
स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में लगातार स्वास्थ्य शिविर लगाकर मरीजों की जांच और उपचार कर रही है। साथ ही ग्रामीणों को साफ-सफाई रखने, नालियों की नियमित सफाई करने, मच्छरों से बचाव करने और उबालकर पानी पीने की सलाह दी जा रही है।
मरीजों की हालत में सुधार
बोड़ला विकासखंड के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और बड़े स्तर पर जांच अभियान शुरू किया गया। सभी संक्रमित मरीजों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है।



