CG News: बलरामपुर जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के गोंदला गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जहां दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस दौरान ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किए जाने का भी आरोप है। घटना में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए।![]()
जानकारी के अनुसार, गोंदला गांव में लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को इसी विवाद के चलते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से लाठी-डंडों से जमकर मारपीट शुरू हो गई। घटना के दौरान ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए।
कई लोग घायल
मारपीट में दोनों पक्षों के लगभग आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई कर रही है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।
