CG Suicide: रो-रोकर पिता से पूछा- मां मुझसे नाराज क्यों है? फिर सुबह इस हालत में मिली युवक की लाश

CG Suicide: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में किराए के मकान में रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने अपने पिता को फोन कर पूछा- मां मुझसे नाराज क्यों है? इसके बाद वह रोने लगा और कुछ देर बाद कॉल काट दी। शुक्रवार सुबह उसका शव किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।tc

सेलून में करता था काम

मृतक की पहचान 24 वर्षीय रोहन उर्फ अमन श्रीवास के रूप में हुई है। वह ट्रेंड्ज़ स्टूडियो सैलून में काम करता था और टीपी नगर में किराए के मकान में रहता था। वह मूल रूप से बरपाली का निवासी था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

देर रात पिता को किया था फोन

परिजनों के अनुसार गुरुवार रात पहले उसकी पिता से सामान्य बातचीत हुई थी। देर रात करीब 2:30 बजे उसने दोबारा फोन किया। बातचीत के दौरान वह रो रहा था और बार-बार पूछ रहा था कि “मां मुझसे नाराज क्यों है?” इसके बाद उसने फोन काट दिया।

सुबह कमरे में मिला शव

शुक्रवार सुबह कई बार फोन करने के बावजूद जब उसने कॉल रिसीव नहीं की, तो माता-पिता उसके किराए के कमरे पहुंचे। दरवाजा खोलने पर युवक का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *