Balod News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में लकवा बीमारी से जूझ रहे एक पुलिस उप-निरीक्षक को तंत्र-मंत्र से ठीक करने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया। डौंडी थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में पुलिस ने दो महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पीड़ित SI की पत्नी से पूजा-पाठ के नाम पर 1.67 लाख रुपए और सोने-चांदी के गहने ठग लिए थे।
ऐसे दिया ठगी को अंजाम
प्रार्थीया धनेश्वरी ठाकुर, निवासी ग्राम खैरवाही ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके लकवा-ग्रस्त पति के इलाज के लिए एक महिला तिखुर बेचने आई थी। उसने दावा किया कि उसका परिचित बैगा तंत्र-मंत्र करके बीमारी दूर कर देगा। कुछ दिनों बाद दो महिलाएं और एक पुरुष उनके घर पहुंचे और पूजा-पाठ का नाटक किया।
आरोपियों ने महिला से कहा कि पूजा सफल तभी होगी जब वह पूजा में पैसे और जेवर रखे। उनके झांसे में आकर महिला ने 1,67,000 रुपए और सोने-चांदी के मंगलसूत्र, पायल सहित अन्य जेवर पूजा स्थल पर रख दिए। आरोपियों ने कहा कि पूजा के बाद सब वापस कर दिए जाएंगे, लेकिन वे वहां से सामान लेकर फरार हो गए।

तीन आरोपी गिरफ्तार, नकद और जेवर बरामद
शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 480/2025, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। जांच में तीनों आरोपी पकड़े गए। पूछताछ में उन्होंने जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से 92,000 रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल फोन बरामद किया। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
1. रवि नेताम पति नरेश नेताम, 40 वर्ष, निवासी ग्राम कनेरी मनेरीपारा, थाना पुरूर
2. रीना नेताम पिता जयमल मंडावी, 30 वर्ष, निवासी ग्राम कनेरी मनेरीपारा, हाल पुरूर
3. पदमा मंडावी पति जयमल मंडावी, 50 वर्ष, निवासी ग्राम कनेरी मनेरीपारा, थाना पुरूर
