Balod Collector Viral Video: सोशल मीडिया पर अक्सर प्रशासनिक अधिकारियों के वीडियो वायरल होते रहते हैं, लेकिन इस बार बालोद जिले की कलेक्टर IAS दिव्या उमेश मिश्रा का एक ममतामयी वीडियो वायरल हो रहा है। कलेक्टर डौंडी विकासखंड के प्राथमिक स्कूल गुदुम के औचक निरीक्षण पर पहुंची थीं। निरीक्षण के दौरान उनकी नजर एक छात्रा पर पड़ी, जिसकी चोटी खुली हुई थी।

कलेक्टर दिव्या ने छात्रा को अपने पास बुलाकर पूछा कि चोटी कैसे खुली, किसी से लड़ाई हुई थी क्या? छात्रा ने बताया कि ऐसा कुछ नहीं हुआ। इसके बाद कलेक्टर ने खुद अपने हाथों से छात्रा की चोटी बांध दी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उनकी प्रशंसा कर रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर मिश्रा ने स्कूल में प्रदान किए जाने वाले मध्यान्ह भोजन का स्वाद लेकर गुणवत्ता की जांच की। भोजन स्वादिष्ट और गुणवत्तापूर्ण होने पर उन्होंने स्कूल प्रबंधन की सराहना की। इसके बाद वे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुजरा पहुंचीं और वहां अध्ययन-अध्यापन व्यवस्था का भी जायजा लिया।
